Jammu: Covid Care Center started at Government Boys High School, Bridge Nagar
Jammu: Covid Care Center started at Government Boys High School, Bridge Nagar
क्षेत्र के गांव ब्रिज नगर स्थित सरकारी ब्वायज हाई स्कूल में बनाए गए कोविड केयर सेंटर का शुक्रवार को एसडीएम रामलाल शर्मा ने उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ पंचायत के सरपंच और प्रदेश कांग्रेस सचिव पंडित पवन रैना भी मौजूद रहे। एसडीएम शर्मा ने कहा कि प्रशासन की ओर से पंचायतों में 5 बेड के कोविड केयर सेंटर बनाए जा रहे हैं। अगर गांव में कोई व्यक्ति कोरोना से संक्रमित हो जाता है तो उसे, वहीं पर तुरंत चिकित्सा सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कोरोना लॉकडाउन में दिशा निर्देशों का पालन करें, ताकि संक्रमण की नौबत ही कम से कम आए।
लोगों से विशेष अपील की है कि 18 साल से ऊपर के जो लोग हैं, वह सेंटर में जाकर वैक्सीन जरूर लगाएं ताकि कोरोना को जड़ से खत्म किया जा सके। इस मौके पर पंचायत के सरपंच पंडित पवन रैना ने कहा कि प्रशासन का एक अच्छा प्रयास है कि पंचायत स्तर पर कोविड केयर सेंटर खोले जा रहे हैं। मगर इन सेंटरों को खोलने का पूरा लाभ भी लोगों को मिलना चाहिए, क्योंकि दो दिन पूर्व ही गांव गेगियां में इसी तरह बने कोविड केयर सेंटर में गांव के एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे कोविड सेंटर में लाया गया। हद तो उस वक्त हो गई, जब मरीज के परिजनों ने कोविड सेंटर की देखभाल करने वाले डॉक्टर से संपर्क किया कि मरीज को ऑक्सीजन लगानी है तो उस डॉक्टर का जवाब था कि आप खुद ही मरीज को ऑक्सीजन लगा लो हमारे पास समय नहीं है। ऐसे में जो डाक्टर ड्यूटी को लापरवाही कर रहा है, उस पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करे।
सरपंच ने कहा कि अगर सेंटर खोला गया है तो यहां आने वाले मरीजों को तुरंत स्वस्थ लाभ मिलना चाहिए। अन्यथा इन सेंटरों का कोई लाभ नहीं। इस मौके पर मौजूद एस डीएम रामलाल शर्मा ने पंचायत के सरपंच को बताया कि उक्त कोविड केयर सेंटर में जिस महिला डॉक्टर ने इस तरह की लापरवाही की थी, उसके खिलाफ जिलाधीश की ओर से जांच बैठा दी गई है। ऐसे डॉक्टरों के खिलाफ प्रशासन सख्ती से निपटेगा। इस मौके पर पंच हरिचंद, नंबरदार अमरनाथ, पंच शशि शर्मा, पंच ममता शर्मा, पंच सुरेश शर्मा, पंच ओम प्रकाश खजुरिया सहित गांव के गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।


